Councilor Ramchandra : राजधानी दिल्ली में ‘आम आदमी पार्टी’ (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच तकरार कोई नया मुद्दा नहीं है, लेकिन इस बार मामला थोड़ा गंभीर है. हाल ही में पार्षद रामचंद्र ने ये कहते कहते हुए ‘आप’ में घर वापसी की कि अरविंद केजरीवाल उनके सपने में आए और कहा कि भाजपा छोड़ दो. हालांकि अब रामचंद्र ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है. घर लौटने पर रामचंद्र ने दावा किया कि भाजपा ने उन्हें ईडी-सीबीआई के मामलों में फंसाने की धमकी दी. उनके इस खुलासे के बाद अब AAP ने बीजेपी पर उनके पार्षद को अगवा करने का आरोप लगाया. वहीं दूसरी ओर भाजपा ने इन दावों से इनकार किया है. वार्ड संख्या-28 के पार्षद रामचंद्र उन पांच सदस्यों में से एक थे जो गत रविवार को भाजपा में शामिल हो गए थे.
पार्षद रामचंद्र का बड़ा दावा
हालांकि, कुछ ही दिन बाद रामचंद्र ‘आप’ में लौट आए. उन्होंने दावा किया था कि उनके सपने में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आए थे जिसके बाद उनका मन बदल गया. बाद में, एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें भाजपा मुख्यालय ले गए थे. रामचंद्र ने वीडियो संदेश में कहा, ‘वहां उन्होंने मुझे धमकी दी कि मुझे ईडी तथा सीबीआई द्वारा फंसा दिया जाएगा. मेरे बेटे आकाश ने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया जबकि पार्टी के हमारे वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस आयुक्त को फोन किया. जब उन्हें (भाजपा) इस बारे में पता चला तो उन्होंने मुझे वापस घर भेज दिया. मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि मुझे ईडी और सीबीआई से डर नहीं लगता. मैंने कुछ गलत नहीं किया है. मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक सिपाही हूं.’
देश की राजधानी में AAP पार्षद को ED CBI से फँसाने की धमकी BJP पार्टी नही “अपरहण गैंग” है। pic.twitter.com/1bPlbBBPxD
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) September 1, 2024
‘पिता को अगवा कर लिया गया’
‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने रविवार को रामचंद्र के बेटे आकाश का एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि उसके पिता को अगवा कर लिया गया है. वीडियो में आकाश ने कहा, ‘मेरे पिता को भाजपा के एक पूर्व पार्षद का एक फोन आया जिसमें कहा गया, ‘हम आपसे मिलने के लिए आपके घर के बाहर खड़े हैं.’ मेरे पिता अपने कार्यालय से नीचे उतरे. हमें जानकारी मिली है कि चार-पांच लोगों ने मेरे पिता को धमकी दी कि उन्हें ईडी-सीबीआई फंसा देगी और वे उन्हें ले गए. हम उनकी तलाश कर रहे हैं.’ संजय सिंह के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने आकाश द्वारा लगाए आरोपों को दोहराया.
बीजेपी ने किया पलटवार
इस पर पलटवार करते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मनीष सिसोदिया और ‘आप’ के एमसीडी प्रभारी पर ‘झूठ’ बोलने और ‘सनसनी’ पैदा करने का आरोप लगाया. कपूर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पार्षद रामचंद्र आपकी पार्टी में हैं या नहीं, हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. यह तो तय है कि जब आप अफवाह फैला रहे हैं तो वह अपने घर पर बैठे हैं.’ चार सितंबर को एमसीडी की जोनल वार्ड समिति के चुनावों के मद्देनजर ‘आप’ और भाजपा दोनों ने पार्षदों के पाला बदलने का दावा किया है.
