तेलुगु स्टार नागार्जुन के कन्वेंशन सेंटर पर बुलडोजर चला:
हैदराबाद में जल निकायों और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हो रही है. इसी के तहत, हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट्स मॉनिटरिंग एंड प्रोटेक्शन (HYDRAA) ने तेलुगु अभिनेता नागार्जुन के मालिकाना हक वाले कन्वेंशन सेंटर को ध्वस्त कर दिया.
एक्टर पर आरोप था कि उन्होंने इस सेंटर का अवैध निर्माण झील की जमीन पर कराया था। हैदराबाद आपदा राहत एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRA) की टीम ने आज सुबह इसे गिरा दिया।
नागार्जुन ने कहा- इस कार्रवाई से दुख हुआ
नागार्जुन ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर लिखा, ‘ कोर्ट केसेस और स्टे ऑर्डर लेने के बाद भी गैरकानूनी तरीके से कन्वेंशन सेंटर को तोड़ा गया। हमने अवैध निर्माण नहीं किया। ये जगह पट्टा भूमि है। झील की एक इंच जमीन का इस्तेमाल नहीं किया। इस सेंटर से जुड़ी जितनी भी शिकायतें हुई थीं, उन पर स्टे ऑर्डर लिया गया था। आज गलत सूचना के आधार पर इसे तोड़ा गया है। सेंटर को तोड़ने से पहले हमें कोई भी नोटिस नहीं दिया गया था।’
उन्होंने लिखा, ‘अगर कोर्ट इसे तोड़ने का फैसला देता, तो मैं खुद इसे तोड़ देता। मुझे उम्मीद है कि अफसरों की इस गलत कार्रवाई पर कोर्ट से हमें राहत मिलेगी।’

झील 29 एकड़ में फैली, सेंटर में 3 हॉल थे
थम्मिडी कुटी झील 29 एकड़ में फैली है। इसी के पास नागार्जुन ने एन कन्वेंशन सेंटर बनवाया था। एन. कन्वेंशन सेंटर में कुल तीन हॉल थे। इन्हें बड़े-बड़े प्रोग्राम के लिए इस्तेमाल किया जाता था। इस कन्वेंशन सेंटर में कई पॉलिटिकल पार्टीज, गैदरिंग और शादियां हो चुकी हैं। बीते साल टॉलीवुड एक्टर और चिरंजीवी के भतीजे वरुण तेज और लावन्या त्रिपाठी का वेडिंग रिसेप्शन 5 नवंबर को एन. कन्वेंशन सेंटर में ही हुआ था।
